आधार में अवैध तरीके से मोबाइल नंबर बदलकर लाखों की धोखाधड़ी, नेवई पुलिस ने दर्ज की FIR



भिलाई/रिसाली। रिसाली निवासी राजेश कुमार के आधार कार्ड से बिना अनुमति मोबाइल नंबर बदलकर पहचान का दुरुपयोग करने तथा उनके नाम पर बैंक खाता खोलकर लगभग ₹2,96,443 का लोन लेने के मामले में नेवई पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को उनके आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर उनकी जानकारी के बिना बदल दिया गया था। मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने Unique Identification Authority of India (UIDAI) हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क किया, जहां से मोबाइल नंबर बदले जाने की पुष्टि हुई।

बाद में आधार लॉगिन हिस्ट्री और अन्य दस्तावेजों की जांच में पता चला कि उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर विभिन्न बैंकों में खाता खोलने की प्रक्रिया की गई थी। जांच के दौरान Kotak Mahindra Bank, नेहरू नगर में खाता खुलने की जानकारी भी सामने आई। साथ ही सिबिल रिपोर्ट में उनके नाम से लगभग ₹2.96 लाख का लोन सैंक्शन दिखा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित द्वारा नेवई थाना पहुच कर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच प्रारंभ कर दी है।

पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि साइबर धोखाधड़ी और पहचान चोरी जैसे गंभीर अपराध में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।