दिनांक : 31.01.2026
इकाई : यातायात पुलिस, दुर्ग
▪️ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का भव्य समापन समारोह आयोजित
▪️ कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में 550 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाजसेवियों की सहभागिता
▪️ हेलमेट उपयोग एवं नशे में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी संदेश
▪️ नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सम्मान समारोह के माध्यम से जनजागरूकता
दुर्ग. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत दिनांक 31.01.2026 को दुर्ग पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह का समापन कार्यक्रम कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 550 की संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक तथा विभिन्न समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का उपयोग न करना तथा नशे की अवस्था में वाहन चलाना, गंभीर दुर्घटनाओं एवं मृत्यु के मुख्य कारण हैं। नागरिकों से अपील की गई कि वे अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, जिससे दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।
साथ ही यह भी बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान भिलाई स्टील प्लांट की इंद्रधनुष टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त बीएसपी स्कूल सेक्टर–10 एवं विशेष बच्चों की टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किया गया।
समारोह में दिनांक 18.01.2026 को यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आयोजित रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, रक्तदान शिविरों के आयोजन तथा यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाली समाजसेवी संस्थाओं एवं व्यक्तियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व, सतत जनजागरूकता एवं सुरक्षित यातायात के संकल्प के साथ किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, हेलमेट एवं सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा नशे की अवस्था में वाहन चलाने से पूर्णतः परहेज करें। सुरक्षित यातायात से ही सुरक्षित जीवन संभव है।
—0000—

